आयशा तारीन स्कूल की छात्राओं ने महिला थाना पहुंचकर ली महत्वपूर्ण जानकारियाँ
महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘दोस्त पुलिस’ का संदेश

अलीगढ़ । आयशा तारीन स्कूल की छात्राओं ने महिला थाना पहुंचकर वहां कार्यप्रणाली की जानकारी ली और महिला सुरक्षा से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की। इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान महिला थाना निरीक्षक रेखा गोस्वामी ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अन्य अपराध होने पर डरने की बजाय महिला थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए या महिला हेल्पलाइन पर संपर्क करना चाहिए।
निरीक्षक ने छात्राओं को बताया कि पुलिस और समाज के बीच ‘दोस्त पुलिस’ जैसा संबंध होना चाहिए ताकि महिलाएं बिना संकोच मदद मांग सकें। इस दौरान छात्राओं को थाना परिसर, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, दस्तावेजों का रख-रखाव और जांच कार्य की प्रक्रिया भी दिखाई गई।
छात्राओं ने महिला थाने में जाकर सुरक्षा व्यवस्था, कानून प्रक्रिया और महिला सहायता के विभिन्न पहलुओं को समझा। बड़ी संख्या में छात्राएं इस कार्यक्रम में शामिल हुईं और उन्होंने इस अनुभव को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।
महिला थाना निरीक्षक ने कहा कि महिला थाना महिलाओं की सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है और उनका उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना है।