अलीगढ़ में बयान पर चर्चा –एएमयू में मंदिर बनवाओ फ्री में करेंगे कथा : देवकीनंदन ठाकुर

अलीगढ़। प्रसिद्ध कथा वाचक और सनातन के प्रखर वक्ता देवकी नन्दन ठाकुर सोमवार को मथुरा रोड पर सिंगारपुर स्थित केशव सेवा धाम में हिंदुत्व के रंग में रंगे दिखाई दिए। माधव सम्मेलन केंद्र के लोकार्पण के बाद वह हिंदुत्व पर हमला करने वालों के खिलाफ जमकर गरजे।
उन्होंने जय श्रीराम का जयघोष किया। कहा, ऐसा जयघोष करो कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के साथ ही साथ लाहौर तक आवाज जाए। उन्होंने मंच पर आसीन उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लिए कहा कि इनका पहला परिचय आरएसएस है। संघ की तपस्या केशव प्रसाद मौर्य के रूप में दिखाई देती है। संघ एक कल्प वृक्ष है जो अपने फलों से दूसरों को लाभ देता है। संघ छाया और फल देने का काम करता है। संघ ऐसा कल्प वृक्ष है जिसमें देशहित की सभी मनोकामना पूर्ण होती है। संघ ने दो दो पीएम दिए। ये स्व. अटल बिहारी बाजपेई और नरेंद्र मोदी हैं। मोदी जी जिस पावर का उपयोग कर रहे हैं आज नहीं कल हमारा भारत विश्व गुरु बनकर रहेगा। संघ हर क्षेत्र में सेवा कार्य करता है। यह परमार्थ है। रामायण में कहा है कि जिसमें परमार्थ की भावना है उसका निश्चित रूप से सारा कार्य सफल होता है। संघ के प्रचारक और स्वयंसेवकों में देखिए परमार्थ कूट कूट कर भरा हुआ है।
इनमें कोई स्वार्थ नजर नहीं होता। संघ वंदनीय है। देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि नार्थ ईस्ट भारत से अलग हो रहा था। मगर संघ ने नार्थ ईस्ट के लिए सेवा कार्य किया, जिससे उसे बचाया जा सका। हमारा काम जगाना है, हम जगाने आए हैं, आप सभी जगे। आज हमारे देश की जो स्थिति है 15 साल बाद क्या हम इस की सभा कर पाएंगे। वक्फ बोर्ड बिल पारित होने पर बहुत बहुत बधाई, जो कुछ करना है आज ही करो। कल के लिए मत टालो। आज ही करना है। इसलिए अपने आपको मजबूत करो। रावण ने भी कल के लिए तमाम चीजें टाली इसलिए मृत्यु को प्राप्त हुआ। इसलिए कल के लिए कुछ मत टालो। आज की पीढ़ी नहीं जागी तो हमें आने वाली पीढ़ी माफ नहीं करेगी। बंगाल में राम नवमी पर
पत्थर पड़े तुम्हारे पर नहीं पड़े, इसलिए तुम बैठे हो। इसलिए चेत जाओ। वरना परिणाम खतरनाक होगा। देवकी नन्दन ठाकुर ने कहा कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली जा रहे हैं, एएमयू में चार पांच मस्जिद है। इसलिए दिल्ली जाते समय ध्यान रखें संवैधानिक तौर पर एएमयू में एक मंदिर भी होना चाहिए।
यदि एएमयू में मंदिर बन जाता है तो कथा फ्री में करेंगे। इस पर लोगों ने जमकर जयघोष किया।
हम लोग हिंदू संस्कृति से भटक रहे हैं। यदि आज संघ नहीं होता तो क्या राष्ट्र होता। सभी जन प्रतिनिधि शिखा रखिए, तिलक लगाइए। अपने बच्चों को भी बताएं। आज स्थिति हो रही है कि कहीं कोई पति ड्रम में है तो कोई पत्नी की हत्या कर रहा है। ऐसा इसलिए है कि हम अपने धर्म से भटक रहे हैं।
हमारे यहां 99 फीसद हिंदुओं को गीता और रामायण में क्या है पता नहीं है। मगर, मुस्लिम बच्चे कुरान पढ़ते हैं। त्याग और संस्कृति सीखना चाहिए तभी हमारी संस्कृति बचेगी। अंत में देवकी नन्दन ठाकुर ने कहा कि न पद चाहता हूं, न प्रतिष्ठान चाहता हूं, मैं तो सुरक्षित सिर्फ हिन्दुस्तान चाहता हूं। l